बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

ऊर्जा क्षेत्र में सिंगरौली को बड़ी सौगात: सिरगुड़ी में 478.74 लाख की लागत से नवीन विद्युत उपकेन्द्र का भूमि पूजन

राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह एवं सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने फावड़ा चलाकर किया भूमि पूजन

सिंगरौली / जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत अधोसंरचना को सुदृढ़ करने एवं उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए एनसीएल द्वारा निगमित सामाजिक दायित्व के अंतर्गत चितरंगी ब्लाक के विद्युतीकरण हेतु मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, ग्रामीण संभाग बैढ़न अंतर्गत बरगवां वितरण केन्द्र क्षेत्र में नवीन 33/11 के.वी. विद्युत उपकेन्द्र सिरगुड़ी के निर्माण कार्य का भूमि पूजन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश की पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग श्रीमती राधा सिंह तथा सीधी-सिंगरौली सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने विधिवत पूजा-अर्चना कर एवं फावड़ा चलाकर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। बिजली, सड़क, पेयजल और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए अनेक विकास कार्य संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सिरगुड़ी विद्युत उपकेन्द्र के निर्माण से क्षेत्र के हजारों उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत आपूर्ति मिलेगी तथा किसानों, विद्यार्थियों और छोटे व्यवसायियों को विशेष लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाना है।

सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने अपने उद्बोधन में कहा कि विद्युत व्यवस्था किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती है। नवीन विद्युत उपकेन्द्र की स्थापना से क्षेत्र में लो-वोल्टेज और विद्युत व्यवधान की समस्याओं में कमी आएगी तथा उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह परियोजना क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान करेगी।

लगभग 478.74 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत इस परियोजना के अंतर्गत 8.85 किलोमीटर 33 के.वी. विद्युत लाइन का निर्माण, 12.23 किलोमीटर 11 के.वी. विद्युत लाइन का निर्माण एवं विस्तार तथा 5 एम.वी.ए. क्षमता के एक पावर ट्रांसफार्मर की स्थापना की जाएगी। परियोजना पूर्ण होने के बाद क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था अधिक सुदृढ़ एवं विश्वसनीय बनेगी।नवीन विद्युत उपकेन्द्र से बैरहवा, धरौहा, अजगढ़, गौरीहवा, खैरचन, सिधार, सिलफोरी, भोस, चकरिया, चुरकी, बड़गढ़, कटरीहार, सकेती एवं बुटवा सहित कुल 14 गांवों के लगभग 7,850 उपभोक्ताओं को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। इससे विद्युत वोल्टेज की समस्या में सुधार होगा, फाल्ट की स्थिति में त्वरित विद्युत आपूर्ति बहाल की जा सकेगी तथा कृषि, घरेलू एवं व्यावसायिक गतिविधियों को नई मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर सीईओ जनपद मान सिंह सैयाम, नायब तहसीलदार सारिका परस्ते, अधीक्षण अभियांत अजीत सिंह बघेल, श्री राहुल अंठवाल, प्रबंधक NCL CSR सहित भारी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहें।

Author

Related Articles

Back to top button