ईरान-अमेरिका शांति समझौते की खबर से शेयर बाजार में उत्साह, सेंसेक्स 1200 अंक उछला

मुंबई। अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते (पीस डील) पर सहमति बनने की खबर से सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 1,198 अंकों की बढ़त के साथ 76,725.27 पर खुला। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 1.43 प्रतिशत की तेजी के साथ 76,604 अंक पर कारोबार करता दिखाई दिया। वहीं, निफ्टी भी 324 अंकों यानी 1.38 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,948 अंक के स्तर पर पहुंच गया।
बाजार में यह तेजी अमेरिका और ईरान के बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खोलने संबंधी समझौते की खबर के बाद आई। दोनों देशों ने शांति समझौते पर सहमति जताई है, जबकि इस पर औपचारिक हस्ताक्षर 19 जून को होने की संभावना है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी ईरान के साथ समझौता होने की पुष्टि की है।
समझौते की खबर के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में 5 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। निवेशकों का मानना है कि तेल आपूर्ति सामान्य होने से वैश्विक महंगाई पर दबाव कम होगा और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। इसी सकारात्मक संकेत के चलते निवेशकों ने जमकर खरीदारी की।
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 29 शेयर बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए। सबसे ज्यादा तेजी इंडिगो में 4.44 प्रतिशत, इटरनल में 3.84 प्रतिशत और बजाज फिनसर्व में 3.64 प्रतिशत दर्ज की गई। इसके अलावा रिलायंस, एचडीएफसी बैंक, लार्सन एंड टुब्रो, मारुति, महिंद्रा एंड महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई, इन्फोसिस, टीसीएस और एयरटेल समेत अधिकांश दिग्गज शेयर हरे निशान में रहे। वहीं सेंसेक्स पैक में केवल सन फार्मा के शेयर में गिरावट देखने को मिली।













