रेलवे संपत्ति चोरी का खुलासा: दो चोर और एक कबाड़ी गिरफ्तार, रेल लाइन व कॉपर वायर बरामद

जबलपुर। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने रेल संपत्ति की चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए दो चोरों और चोरी का माल खरीदने वाले एक कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से रेलवे की रेल लाइन के टुकड़े और कॉपर वायर बरामद किए गए हैं। तीनों के खिलाफ रेल संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम, 1966 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
आरपीएफ द्वारा रेल संपत्ति की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उपनिरीक्षक अरविंद सिंह और आरक्षक हरीकेश दुबे गोकलपुर-रांझी क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान रेलवे साइडिंग के पास खड़े इंजन के समीप दो युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान दिनेश उर्फ भूत चौधरी (24) निवासी बरेला और लोकेश उर्फ हर्ष सिंह थापा (23) निवासी गोरा बाजार के रूप में बताई।
आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने सुबह रेलवे परिसर से रेल लाइन के दो टुकड़े चोरी कर उखरी चौराहा स्थित एक कबाड़ी को बेच दिए थे। अधिक पैसे कमाने के लालच में वे दोबारा रेलवे साइडिंग पहुंचे थे और कोच तथा इंजन से कॉपर वायर व अन्य सामग्री निकालने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान आरपीएफ टीम ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर उपनिरीक्षक योगेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने उखरी चौराहा स्थित कबाड़ी की दुकान पर छापा मारा। पूछताछ में कबाड़ी ने चोरी का माल खरीदना स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से रेल लाइन के टुकड़े और अन्य रेल सामग्री बरामद की गई।
आरपीएफ ने जब्त सामग्री को कब्जे में लेकर तीनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और चोरी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।













