नर्मदा घाट पर अवैध रेत कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, चार हाईवा रेत जब्त; तीन आरोपियों पर केस दर्ज

जबलपुर। जिले में अवैध रेत उत्खनन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नर्मदा नदी के बहोरीपार घाट पर अवैध रूप से जमा की गई रेत को जब्त कर नष्ट कर दिया। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के निर्देश पर राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने रविवार को छापामार कार्रवाई कर करीब चार हाईवा रेत के अवैध भंडारण का खुलासा किया। इस दौरान अवैध रूप से जमा की गई रेत को जेसीबी मशीनों की मदद से पुनः नदी में प्रवाहित कराया गया।
प्रशासन के अनुसार, जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में ग्राम बहोरीपार स्थित नर्मदा घाट पर अवैध गतिविधियों की सूचना मिलने पर संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में घाट के समीप बड़ी मात्रा में बिना अनुमति के रेत का भंडारण पाया गया।
तहसीलदार रविंद्र पटेल और बरगी थाना प्रभारी नीलेश दोहरे के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में अधिकारियों ने करीब चार हाईवा रेत का अवैध भंडारण चिन्हित किया। इसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरी रेत को हटाकर नदी में प्रवाहित करा दिया गया, ताकि उसका अवैध परिवहन या उपयोग न हो सके।
जांच के दौरान अवैध उत्खनन और भंडारण से जुड़े तीन आरोपियों की पहचान अशोक बर्मन, अंकित बर्मन और राकेश यादव के रूप में हुई। प्रशासन ने तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
प्रशासन का मानना है कि नर्मदा नदी में अवैध रेत खनन पर्यावरण और नदी तंत्र के लिए गंभीर खतरा है। इसे देखते हुए जिले के संवेदनशील घाटों पर निगरानी और सख्त कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए अवैध रेत कारोबार पर अंकुश लगाने की मांग की है।













