नवागत उप पंजीयक सचिन जैन ने संभाला पदभार, कामकाज में आएगी तेजी

सिंगरौली। जिले के उप पंजीयक कार्यालय में सोमवार को नवागत उप पंजीयक सचिन जैन ने विधिवत अपना पदभार ग्रहण कर लिया। उनके कार्यभार संभालते ही कार्यालय में प्रशासनिक गतिविधियां सामान्य रूप से शुरू हो गई हैं, जिससे पंजीयन संबंधी लंबित कार्यों के जल्द निपटारे की उम्मीद बढ़ गई है।
गौरतलब है कि पूर्व उप पंजीयक अशोक सिंह परिहार की बर्खास्तगी के बाद से यह महत्वपूर्ण पद रिक्त चल रहा था। कार्यालय में स्थायी अधिकारी नहीं होने के कारण रजिस्ट्री एवं पंजीयन से जुड़े कार्य प्रभावित हो रहे थे और आम लोगों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
नवागत उप पंजीयक सचिन जैन के पदभार ग्रहण करने के बाद अब कार्यालय के कामकाज में तेजी आने की संभावना जताई जा रही है। जमीन, मकान एवं अन्य दस्तावेजों के पंजीयन से जुड़े मामलों के साथ-साथ लंबे समय से लंबित पड़े प्रकरणों के निराकरण को भी गति मिलने की उम्मीद है।













