ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

खण्ड स्तरीय जनकल्याण शिविर आयोजित

सिंगरौली। शासन के निर्देशानुसार जनपद पंचायत चितरंगी के तत्वावधान में सोमवार को सामुदायिक भवन चितरंगी में खण्ड स्तरीय जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मान सिंह सैयाम के निर्देशन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सियादुलारी रहीं। विशिष्ट अतिथियों में जनपद उपाध्यक्ष श्री कौशल प्रताप सिंह, विधायक प्रतिनिधि श्री प्रभात कुमार सिंह, जनपद सदस्य श्री देवी प्रसाद बैस, श्री प्रवेंद्र धर द्विवेदी तथा तहसीलदार श्री नागेश्वर पनिका सहित विभिन्न विभागों के विभाग प्रमुख एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर जनपद सीईओ श्री मान सिंह सैयाम ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की हितग्राहीमूलक योजनाओं सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं से वंचित पात्र लोगों को लाभ दिलाने के उद्देश्य से जनकल्याण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याओं के आवेदन प्राप्त कर उनका त्वरित निराकरण कर रहे हैं। साथ ही पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी संचालित की जा रही है।

सीईओ श्री सैयाम ने बताया कि जनकल्याण शिविरों का आयोजन 15 से 18 जून 2026 तक विकासखण्ड की विभिन्न ग्राम पंचायतों में भी किया जाएगा। जो हितग्राही खण्ड स्तरीय शिविर में शामिल नहीं हो सके हैं, वे अपने ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित शिविर में पहुंचकर आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।

अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार गरीब, जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों के प्रति संवेदनशील है। जनकल्याण शिविरों के माध्यम से लोगों को कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी तथा योजनाओं का लाभ उनके द्वार तक पहुंचाया जा सकेगा। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे और विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त कर आवेदन प्रस्तुत किए।

Author

Related Articles

Back to top button