बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

बरगवाँ में नवीन संयुक्त तहसील भवन का लोकार्पण, अब एक ही स्थान पर मिलेंगी प्रशासनिक सेवाएं

सिंगरौली। देवसर विधानसभा क्षेत्र के बरगवाँ में नवनिर्मित संयुक्त तहसील भवन का मंगलवार को विधिवत पूजा-अर्चना के साथ लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम ने भवन को क्षेत्रवासियों को समर्पित करते हुए इसे सुशासन और जनसेवा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

लोकार्पण के अवसर पर विधायक मेश्राम ने उपस्थित नागरिकों, प्रबुद्धजनों एवं प्रशासनिक अधिकारियों से संवाद कर क्षेत्र के विकास, जनसुविधाओं के विस्तार और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि नवीन संयुक्त तहसील भवन के शुरू होने से आमजन को राजस्व एवं प्रशासनिक सेवाओं के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और एक ही स्थान पर त्वरित एवं प्रभावी सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

विधायक ने कहा कि यह भवन न केवल प्रशासनिक कार्यों को गति देगा, बल्कि क्षेत्र में सुशासन और जनकल्याण के संकल्प को भी मजबूती प्रदान करेगा। इससे स्थानीय लोगों को समय की बचत होगी और विभिन्न शासकीय कार्यों के निष्पादन में पारदर्शिता तथा सुविधा बढ़ेगी।

कार्यक्रम में एसडीएम सौरभ मिश्रा, तहसीलदार दीपेंद्र सिंह तिवारी, सीएमओ अमित सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर नवीन भवन के लोकार्पण पर प्रसन्नता व्यक्त की।
स्थानीय नागरिकों ने उम्मीद जताई कि संयुक्त तहसील भवन के संचालन से राजस्व, नामांतरण, सीमांकन और अन्य प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी तथा क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

Author

Related Articles

Back to top button