एनसीएल में सुरक्षा का संकल्प: खान सुरक्षा सप्ताह-2025 के समापन पर खड़िया परियोजना बनी ओवरऑल चैंपियन

सिंगरौली। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) में आयोजित वार्षिक खान सुरक्षा सप्ताह-2025 का समापन सोमवार को खड़िया क्षेत्र में पारितोषिक वितरण समारोह के साथ हुआ। कार्यक्रम में सुरक्षा जागरूकता, शून्य दुर्घटना लक्ष्य और आधुनिक खनन तकनीकों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। समारोह में उत्कृष्ट सुरक्षा प्रदर्शन करने वाली परियोजनाओं और खदानों को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित खान सुरक्षा महानिदेशालय (डीजीएमएस) के महानिदेशक उज्ज्वल ता ने कहा कि उत्पादन और उत्पादकता के साथ सुरक्षा, स्वास्थ्य तथा श्रमिक कल्याण को समान प्राथमिकता देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने हरित खनन, ‘जीरो हार्म’ लक्ष्य और सुरक्षा संस्कृति को मजबूत बनाने के लिए सेल्फ रेगुलेशन पर बल दिया।

कार्यक्रम में डीजीएमएस के उप महानिदेशक नीरज कुमार, एनसीएल के सीएमडी बी. साईराम, निदेशक (मानव संसाधन) मनीष कुमार, निदेशक (तकनीकी) आशुतोष द्विवेदी सहित डीजीएमएस और एनसीएल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। श्रमिक संगठनों, विभिन्न परियोजनाओं के महाप्रबंधकों, सहयोगी कंपनियों के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने भी समारोह में भाग लिया।
समारोह के दौरान सभी उपस्थितजनों ने सुरक्षित कार्य संस्कृति को और अधिक मजबूत बनाने तथा शून्य-क्षति दक्षता के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सुरक्षा शपथ ली। इस अवसर पर ‘सुरक्षा पुस्तिका’ का विमोचन भी किया गया।
तकनीक और नवाचार से मजबूत होगी सुरक्षा व्यवस्था
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में एनसीएल के सीएमडी बी. साईराम ने कहा कि खदानों में बढ़ते मशीनीकरण के साथ सुरक्षा व्यवस्था को भी आधुनिक तकनीकों और नवाचारों से सशक्त बनाना होगा। उन्होंने परियोजनाओं में संचालित वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटरों को सुरक्षा प्रशिक्षण और नवाचार के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने का आह्वान किया।
खड़िया और कृष्णशिला परियोजनाओं ने जीता ओवरऑल खिताब
खान सुरक्षा सप्ताह के तहत आयोजित प्रतियोगिताओं में विभिन्न परियोजनाओं का मूल्यांकन सुरक्षा, मशीन अनुरक्षण, हाउसकीपिंग, प्रशिक्षण, धूल नियंत्रण, विद्युत एवं यांत्रिक रखरखाव, जनसुरक्षा तथा श्रमिक कल्याण जैसे मानकों पर किया गया।
परियोजना स्तर की ओवरऑल प्रतियोगिता में परिणाम इस प्रकार रहे—
समूह-ए
प्रथम : खड़िया परियोजना
द्वितीय : दुधीचुआ परियोजना
तृतीय : रिलायंस परियोजना
समूह-बी
प्रथम : कृष्णशिला परियोजना
द्वितीय : झिंगुरदा परियोजना
तृतीय : ककरी परियोजना
झांकी और स्टॉल प्रतियोगिता में भी दिखा सुरक्षा संदेश
सर्वश्रेष्ठ झांकी श्रेणी में खड़िया परियोजना को ‘आईटीसीसी’ विषय पर प्रथम पुरस्कार मिला। निगाही परियोजना दूसरे और ब्लॉक-बी परियोजना तीसरे स्थान पर रही। वहीं सर्वश्रेष्ठ स्टॉल श्रेणी में निगाही परियोजना ने पहला तथा खड़िया परियोजना ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
आकर्षण का केंद्र बनी सुरक्षा प्रदर्शनी
समारोह में एनसीएल की विभिन्न परियोजनाओं और सिंगरौली क्षेत्र की खनन कंपनियों ने सुरक्षा जागरूकता पर आधारित झांकियां और आधुनिक तकनीकों पर केंद्रित प्रदर्शनी लगाई। प्रदर्शनी में जोखिम प्रबंधन, सुरक्षित खनन संचालन और सुरक्षा नवाचारों से जुड़े मॉडल एवं तकनीकी समाधान आकर्षण का केंद्र रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी परियोजनाओं, अधिकारियों और कर्मचारियों की सुरक्षित, उत्पादक एवं सतत खनन संचालन के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बनाए रखने का आह्वान किया गया।













