देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

उद्धव गुट में हलचल: 6 सांसद बागी, 3 ने जताई एकजुटता; संजय राउत का तीखा बयान—“जिसे जाना है, इस्तीफा देकर जाए”

नई दिल्ली/मुंबई। शिवसेना यूबीटी में कथित टूट को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। बुधवार को दिल्ली में पार्टी नेता संजय राउत के आवास पर हुई प्रेस वार्ता में बागी सांसदों को लेकर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। इस दौरान तीन सांसद मौजूद रहे।

संजय राउत ने कहा कि अभी तक उनकी मान्यता में सभी सांसद एकजुट हैं, लेकिन यदि किसी को अलग जाना है तो उन्हें पहले इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने इन सांसदों को जीताने के लिए कठिन मेहनत की है, ऐसे में जनादेश का सम्मान होना चाहिए।

सूत्रों के अनुसार शिवसेना यूबीटी के 9 सांसदों में से 6 के बागी होने की चर्चा है, जबकि 3 सांसदों ने फिलहाल पार्टी के साथ होने की बात कही है।

राउत ने आरोप लगाया कि जिन सांसदों के शिवसेना के शिंदे गुट से संपर्क की खबरें सामने आ रही हैं, उन्हें सार्वजनिक रूप से स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी ने कानूनी लड़ाई की तैयारी शुरू कर दी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र में सांसदों की खरीद-फरोख्त की कोशिशें हो रही हैं और लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा है। राउत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विपक्षी दलों को तोड़ने की राजनीति कर रही है और जनादेश का अपमान किया जा रहा है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद सांसद अरविंद सावंत ने कहा कि किसी ने भी पार्टी छोड़ने की आधिकारिक जानकारी नहीं दी है और सभी कदम संविधान के दायरे में उठाए जाएंगे। वहीं सांसद अनिल देसाई ने कहा कि मीडिया में आ रही लेन-देन की खबरों को देखते हुए स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

इसी बीच सांसद राजाभाऊ वाजे ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि वे पूरी तरह उद्धव ठाकरे के साथ हैं और उनका किसी अन्य गुट से कोई संपर्क नहीं है।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को भी इस घटनाक्रम से जुड़े पत्राचार की जानकारी दी गई है। पार्टी की ओर से आगामी बैठक में आगे की रणनीति तय किए जाने की बात कही गई है।

Author

Related Articles

Back to top button