हरिद्वार से लौट रहे एमपी के परिवार पर टूटा कहर: आगरा हाईवे हादसे में 3 की मौत, 11 घायल

आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा-ग्वालियर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में मध्य प्रदेश के दतिया जिले के दो लोगों समेत तीन की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य लोग घायल हो गए। हादसा दो कारों की आमने-सामने टक्कर से हुआ, जिसने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं।
पुलिस के मुताबिक सैंया थाना क्षेत्र में कुणाल कॉलेज के पास एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार का टायर अचानक फट गया। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई। इसी दौरान सामने से आ रही नेक्सन कार से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और एक कार पलट गई।
हादसे में धौलपुर निवासी रिंकू शर्मा (35), मध्य प्रदेश के दतिया निवासी विवेक तिवारी (30) तथा मीना श्रीवास्तव (55) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दोनों वाहनों में सवार 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार अर्टिगा कार में सवार सात युवक बीएससी की परीक्षा देने आगरा जा रहे थे। दूसरी ओर नेक्सन कार में दतिया का एक परिवार हरिद्वार से गंगा स्नान और दर्शन कर घर लौट रहा था। वापसी के दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।
घायल अभिषेक शर्मा ने बताया कि परीक्षा देने जाते समय अचानक कार का दाहिना टायर फट गया, जिसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में पहुंच गया और सामने से आ रही कार से टकरा गया।
पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं तथा हादसे की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को समय रहते अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे कई लोगों की जान बच सकी।













