देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

हनी ट्रैप के जाल में फंसाकर ट्रक चालक से वसूली, ट्रेनी दारोगा निलंबित; पुलिस महकमे में हड़कंप

 

भागलपुर। बिहार के भागलपुर जिले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। एक ट्रक चालक को कथित तौर पर हनी ट्रैप में फंसाकर उससे हजारों रुपये की वसूली करने के आरोप में एक ट्रेनी दारोगा को निलंबित कर दिया गया है। मामले में तीन होमगार्ड जवानों पर भी कार्रवाई की गई है।

जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ निवासी ट्रक चालक सुरेंद्र यादव 14 जून की रात कटिहार से लौट रहे थे। आरोप है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर गश्ती दल ने उन्हें रोककर एक बाइक सवार को टक्कर मारने का झूठा आरोप लगाया। इसके बाद कथित रूप से एक युवती को मौके पर लाया गया और चालक को फंसाने की साजिश रची गई।

पीड़ित के अनुसार पुलिसकर्मियों ने आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बनाकर उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी तथा एक लाख रुपये की मांग की। चालक द्वारा असमर्थता जताने पर उससे एक पेट्रोल पंप के स्कैनर के माध्यम से करीब 18 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए गए।

लगातार मिल रही धमकियों से परेशान चालक ने पूरी घटना अपने वाहन मालिक कृष्ण मोहन यादव को बताई। इसके बाद डायल-112 के माध्यम से शिकायत उच्च अधिकारियों तक पहुंची।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने जांच के आदेश दिए। जांच की जिम्मेदारी नवगछिया सर्किल इंस्पेक्टर को सौंपी गई। कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद गश्ती दल पर लगे आरोपों की पुष्टि होने पर एसपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रेनी दारोगा धर्मेंद्र कुमार को निलंबित कर दिया।

इसके अलावा ड्यूटी पर मौजूद तीन होमगार्ड जवानों को लाइन हाजिर कर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की सिफारिश की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच जारी है और दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

यह मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और कानून के रक्षकों की भूमिका पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।

Author

Related Articles

Back to top button