मंडी में फिल्मी अंदाज में चोरी: मूंग से भरा ट्रक ले गए बदमाश, अनाज उतारकर खाली वाहन वापस खड़ा कर गए

जबलपुर। जिले की पाटन कृषि उपज मंडी में चोरी की एक हैरान करने वाली वारदात सामने आई है। बदमाशों ने मंडी परिसर में खड़े मूंग से लदे ट्रक को रात के अंधेरे में बाहर निकाला, उसमें भरी करीब 80 क्विंटल मूंग दूसरे वाहन में उतार ली और फिर खाली ट्रक को वापस उसी स्थान पर लाकर खड़ा कर दिया। चोरी गए अनाज की कीमत लगभग साढ़े चार लाख रुपए आंकी गई है।
जानकारी के अनुसार पाटन निवासी अनाज व्यापारी विकास अग्रवाल ने किसानों से खरीदी गई 134 बोरियां मूंग एक ट्रक में भरवाकर मंडी परिसर में खड़ी करवाई थीं। अगले दिन माल को जबलपुर भेजा जाना था। लेकिन 16 जून की सुबह जब व्यापारी मंडी पहुंचे तो ट्रक अपनी जगह पर खड़ा मिला, जबकि उसमें लदी पूरी मूंग गायब थी।
ट्रक खाली देखकर व्यापारी के होश उड़ गए। काफी तलाश के बाद भी जब अनाज का कोई सुराग नहीं मिला तो मामले की शिकायत पुलिस से की गई।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
पुलिस ने मंडी परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में रात करीब एक से दो बजे के बीच दो से तीन संदिग्ध ट्रक को मंडी से बाहर ले जाते दिखाई दिए हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से ट्रक को बाहर ले जाकर मूंग उतारी और फिर खाली वाहन वापस मंडी में खड़ा कर दिया, ताकि चोरी का पता देर से चल सके।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद मंडी की सुरक्षा व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गई है। मंडी सचिव फूलसिंह के अनुसार परिसर में 24 घंटे चौकीदार तैनात रहते हैं और घटना वाली रात भी सुरक्षा कर्मी ड्यूटी पर मौजूद थे। चौकीदारों ने पूछताछ में बताया कि वे उस समय मंडी के बाहर गश्त कर रहे थे, इसी दौरान चोर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
पुलिस जुटी आरोपियों की तलाश में
पाटन थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी जी.एस. राजपूत ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वारदात में किसी अंदरूनी व्यक्ति की भूमिका तो नहीं रही।













