क्राइम न्यूज़देश विदेशबड़ी खबर

रेलवे ट्रैक पर बड़ा हादसा: मालगाड़ी की चपेट में आया युवक, हालत गंभीर; जबलपुर रेफर

 

सिवनी। जिले के घंसौर रेलवे स्टेशन क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। रेलवे ट्रैक के किनारे गुजर रहा एक युवक मालगाड़ी की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, घंसौर के नर्मदा नगर निवासी 40 वर्षीय बृजेश ठाकुर मंगलवार रात रेलवे स्टेशन के पास पटरियों के किनारे से गुजर रहे थे। इसी दौरान वह अचानक मालगाड़ी की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक कई फीट दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे स्टेशन के कर्मचारी और स्टेशन मास्टर मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घंसौर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया।

चिकित्सकीय जांच में युवक के शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आने और तीन से चार स्थानों पर हड्डियां टूटने की आशंका जताई गई है। हालत चिंताजनक होने के कारण डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

फिलहाल युवक का उपचार जारी है और उसकी स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है। हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Author

Related Articles

Back to top button