जमीन विवाद में महिला और बेटी से मारपीट, वीडियो बना रही किशोरी का मोबाइल छीना

सिंगरौली। जियावन थाना क्षेत्र के खैरावड़ा गांव में जमीन विवाद को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि चार लोगों ने मिलकर एक महिला के साथ मारपीट की, जबकि बीच-बचाव करने पहुंची उसकी नाबालिग बेटी के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया।
जानकारी के अनुसार सुनीता विश्वकर्मा पत्नी जगजीवन विश्वकर्मा का गांव के ही दूसरे पक्ष से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते क्रांति देवी विश्वकर्मा, सुनीता देवी विश्वकर्मा, पूनम विश्वकर्मा तथा दिनेश विश्वकर्मा ने कथित तौर पर सुनीता विश्वकर्मा के साथ मारपीट शुरू कर दी।
बताया गया है कि घटना के दौरान सुनीता की 14 वर्षीय पुत्री सीमा विश्वकर्मा अपनी मां को बचाने पहुंची और पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाने लगी। आरोप है कि इससे नाराज होकर दिनेश विश्वकर्मा ने किशोरी का हाथ मरोड़ दिया, उसे थप्पड़ मारा और उसका मोबाइल फोन छीन लिया।मारपीट में घायल सुनीता विश्वकर्मा को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवसर में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलने पर जियावन पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। गांव में हुई इस घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।













