अवैध रेत परिवहन पर जियावन पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

सिंगरौली- जिले में अवैध उत्खनन एवं रेत परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जियावन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर दो आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। जब्त किए गए वाहन एवं रेत की कुल कीमत लगभग 4 लाख 5 हजार रुपये बताई गई है।पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम. के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा एवं एसडीओपी देवसर डॉ. गायत्री तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जियावन उपनिरीक्षक शेषनारायण दुबे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।जानकारी के अनुसार 16 जून की तड़के सुबह करीब 4 बजे सहायक उपनिरीक्षक लक्ष्मीनारायण द्विवेदी अपनी टीम के साथ रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान चितरंगी तिराहा के पास मुख्य मार्ग पर एक बिना नंबर का नीले रंग का पावर ट्रैक ट्रैक्टर रेत से भरी ट्रॉली लेकर आता दिखाई दिया। संदेह होने पर पुलिस ने वाहन को रोककर जांच की।
वाहन चालक ने अपना नाम अभय उर्फ मिसिर बंसल (21 वर्ष) निवासी ग्राम सुपेला बताया। पूछताछ के दौरान वह रेत परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने बताया कि ट्रैक्टर मालिक मनीष साहू के निर्देश पर माटीगड़ई महान नदी से रेत लोड कर देवसर बाजार में बिक्री के लिए ले जाई जा रही थी। बताया गया कि ट्रैक्टर मालिक स्वयं मोटरसाइकिल से आगे चलकर रास्ता साफ कर रहा था।
पुलिस ने मौके पर ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित अवैध रेत जब्त कर ली। जब्त किए गए पावर ट्रैक ट्रैक्टर की अनुमानित कीमत 4 लाख रुपये तथा रेत की कीमत लगभग 5 हजार रुपये आंकी गई है।मामले में थाना जियावन में अपराध क्रमांक 364/2026 दर्ज कर आरोपी अभय उर्फ मिसिर बंसल एवं मनीष साहू के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 317(5) तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 4/21 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। मामले की विवेचना सहायक उपनिरीक्षक लक्ष्मीनारायण द्विवेदी द्वारा की जा रही है।पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई में शामिल थाना प्रभारी शेषनारायण दुबे, एएसआई लक्ष्मीनारायण द्विवेदी एवं पुलिस टीम की सराहना की है।













