उतर प्रदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

उन्नाव में सीएम योगी का विपक्ष पर हमला, बोले- गरीबों के नहीं, माफियाओं के लिए बहते हैं सपा-कांग्रेस के आंसू

 

उन्नाव। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को उन्नाव में 570 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 101 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस ने अपने शासनकाल में गरीबों की चिंता नहीं की, बल्कि परिवारवाद और तुष्टिकरण की राजनीति की। सीएम ने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस नेताओं के आंसू गरीबों के लिए नहीं, बल्कि माफियाओं के मरने पर निकलते हैं।

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और उत्तर प्रदेश में विकास, सुरक्षा और सुशासन की नई पहचान बनी है। उन्होंने दावा किया कि पहले प्रदेश में माफियाराज, दंगे और अराजकता का माहौल था, जबकि आज कानून का राज स्थापित हुआ है।

उन्नाव को अध्यात्म, साहित्य और क्रांति की भूमि बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले में सड़क, एक्सप्रेसवे और औद्योगिक विकास की कई परियोजनाएं संचालित हो रही हैं। डिफेंस कॉरिडोर और औद्योगिक क्लस्टर से युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलेगा।

उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ गरीब, किसान, महिला और युवा वर्ग तक बिना भेदभाव पहुंच रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, मुफ्त राशन और उज्ज्वला जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों का जीवन बदला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नया उत्तर प्रदेश सुरक्षा, विकास और सम्मान की राह पर आगे बढ़ रहा है तथा प्रदेश को पिछड़ेपन और भ्रष्टाचार से मुक्त करने का अभियान लगातार जारी रहेगा।

Author

Related Articles

Back to top button