जहरीले धुएं से घुट रही सांसें! सेमरिया में एनपीसीसी के डामर प्लांट पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

सिंगरौली। जिले की ग्राम पंचायत सेमरिया में संचालित एनपीसीसी कंपनी के डामर (हॉटमिक्स) प्लांट से निकल रहे जहरीले धुएं को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्लांट से लगातार उठ रहा काला धुआं आसपास के लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन गया है, लेकिन शिकायतों के बावजूद प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण विभाग कार्रवाई करने से बच रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार प्लांट से निकलने वाले धुएं के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं में खांसी, सांस फूलना, एलर्जी और दमा जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। लोगों का कहना है कि सुबह और शाम के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब धुआं पूरे क्षेत्र में फैल जाता है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार संबंधित अधिकारियों को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक न तो निरीक्षण किया गया और न ही संयंत्र संचालक के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई हुई। इससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।
इधर, प्लांट से निकल रहे जहरीले धुएं का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि क्या जिम्मेदार अधिकारियों को यह प्रदूषण तब दिखाई देगा, जब यह धुआं उनके कार्यालयों तक पहुंचेगा?
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, प्रदूषण नियंत्रण मंडल और संबंधित विभागों से तत्काल जांच कर संयंत्र संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो क्षेत्र में स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं और गंभीर रूप ले सकती हैं।









