खुले गड्ढे बन रहे हादसों की वजह, गैस और सीवर लाइन कार्य पर उठे सवाल
सुरक्षा इंतजामों के अभाव में फंस रहे वाहन, नागरिकों ने की कार्रवाई की मांग

सिंगरौली। शहर में चल रहे गैस पाइपलाइन और सीवर लाइन निर्माण कार्यों में कथित लापरवाही को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। विभिन्न क्षेत्रों में खुदाई के बाद सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किए जाने से दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि कई स्थानों पर बिना पर्याप्त बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेतों के गहरे गड्ढे छोड़ दिए गए हैं, जिससे वाहन चालक परेशान हैं।
राहगीरों और वाहन चालकों का कहना है कि निर्माण कार्यों के कारण सड़कें जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। कई स्थानों पर वाहन गड्ढों में फंस रहे हैं, जिससे दुर्घटनाएं और चोटिल होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। लोगों का आरोप है कि खुदाई के बाद मार्गों को समय पर समतल नहीं किया जा रहा और सुरक्षा के लिए आवश्यक संकेतक भी नहीं लगाए जा रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने स्पष्ट किया कि उन्हें विकास कार्यों से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन कार्यों के दौरान आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। अव्यवस्थित निर्माण कार्यों के कारण कई इलाकों में यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है और जाम की समस्या बढ़ रही है।बरसात का मौसम करीब होने के चलते लोगों ने नगर निगम और संबंधित निर्माण एजेंसियों से मांग की है कि कार्यस्थलों की नियमित निगरानी कर सुरक्षा एवं गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। नागरिकों का कहना है कि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।









