एनसीएल की ‘नन्हा सा दिल’ पहल से बदली किसान की बेटी की जिंदगी, मुफ्त हृदय ऑपरेशन से मिली नई मुस्कान

सिंगरौली। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) की सीएसआर पहल ‘नन्हा सा दिल’ सिंगरौली और आसपास के क्षेत्रों में जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों के लिए जीवनदान साबित हो रही है। इस पहल के तहत सिंगरौली जिले के सरई गांव की छह वर्षीय प्रांजली प्रजापति को न केवल गंभीर हृदय रोग से मुक्ति मिली, बल्कि उसे एक स्वस्थ और सामान्य जीवन भी वापस मिला है।
कृषि कार्य पर निर्भर प्रांजली के परिवार की मासिक आय महज 5 से 6 हजार रुपये है। लंबे समय से वह थकान, बार-बार बीमार पड़ने और सामान्य गतिविधियों में परेशानी का सामना कर रही थी। परिवार कई बार स्थानीय स्वास्थ्य केंद्रों में उपचार कराता रहा, लेकिन बीमारी की सही पहचान नहीं हो सकी।
स्थिति तब बदली जब एनसीएल और श्री सत्य साई संजीवनी अस्पताल द्वारा संचालित ‘नन्हा सा दिल’ परियोजना के तहत गांव में जांच शिविर आयोजित किया गया। प्रारंभिक जांच के बाद प्रांजली को देवसर में आयोजित इको परीक्षण शिविर में भेजा गया, जहां विशेषज्ञों ने उसके हृदय में छेद (जन्मजात हृदय रोग) की पुष्टि की।
परिवार आर्थिक रूप से ऑपरेशन कराने में असमर्थ था, लेकिन एनसीएल की इस पहल ने पूरा उपचार, यात्रा, भोजन, आवास और ऑपरेशन का खर्च वहन किया। हरियाणा के पलवल स्थित श्री सत्य साई संजीवनी अस्पताल में प्रांजली का सफल एवं निःशुल्क ऑपरेशन कराया गया।
आज प्रांजली पूरी तरह स्वस्थ है, नियमित रूप से स्कूल जाती है और अपने साथियों के साथ खेलकूद में हिस्सा ले रही है।
एनसीएल द्वारा वर्ष 2025 में शुरू किए गए इस प्रकल्प के तहत सिंगरौली, सीधी और सोनभद्र जिलों में अब तक 534 स्क्रीनिंग शिविरों में 38,315 बच्चों की जांच, 764 इकोकार्डियोग्राम तथा 255 बच्चों की निःशुल्क हृदय सर्जरी कराई जा चुकी है। एनसीएल का कहना है कि जरूरतमंद बच्चों तक यह सेवा पहुंचाने का अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।












