देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

कोलकाता एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला: इंडिगो विमान पर गिरी आकाशीय बिजली, 147 लोग सुरक्षित

 

कोलकाता। खराब मौसम के बीच कोलकाता एयरपोर्ट पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब उड़ान भरने के लिए तैयार इंडिगो के एक विमान पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। इस अगरतला जाने वाले विमान में 141 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सवार थे। गनीमत रही कि इस खौफनाक घटना में किसी भी व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और सभी सुरक्षित बच गए। एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट के दो कर्मचारियों (ग्राउंड स्टाफ) को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया था, जिन्हें जांच के बाद छुट्टी दे दी गई है।

एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) के अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार सुबह शहर और आसपास के इलाकों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का दौर जारी था। खराब मौसम को देखते हुए एयरपोर्ट ऑपरेशन्स कंट्रोल सेंटर ने पहले ही अलर्ट जारी किया हुआ था। सुबह करीब 9:30 बजे जब यह फ्लाइट एरोब्रिज पर खड़ी थी, तभी आसमान से तेज कड़कती हुई बिजली सीधे विमान पर आ गिरी। बिजली गिरने के कारण विमान का पावर सिस्टम बुरी तरह प्रभावित हुआ और अंदर की लाइटें अचानक बंद हो गईं, जिससे यात्रियों में कुछ पल के लिए भारी दहशत फैल गई।

घटना के तुरंत बाद एयरलाइन प्रशासन ने सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करते हुए सभी यात्रियों को विमान से सुरक्षित नीचे उतार लिया। इसके बाद इंजीनियरों की टीम ने प्रभावित विमान की तकनीकी जांच शुरू कर दी। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एयरलाइन ने तुरंत एक अन्य एअरबस की व्यवस्था की। जो फ्लाइट सुबह 9:20 बजे उड़ान भरने वाली थी, वह इस घटना के चलते करीब साढ़े तीन घंटे की देरी से दोपहर 12:50 बजे अगरतला के लिए रवाना की गई। भारी बारिश और तूफान के कारण शहर के कई अन्य इलाकों में भी यातायात और जनजीवन प्रभावित रहा।

Author

Related Articles

Back to top button