जबलपुर-दमोह हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत

जबलपुर/दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह-जबलपुर स्टेट हाईवे पर शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा जबेरा थाना क्षेत्र के पुरेनहाउ गांव के पास उस समय हुआ, जब एक कार और यात्री बस के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस जबलपुर से दमोह की ओर जा रही थी, जबकि कार कटनी से शाहगढ़ की तरफ जा रही थी। क्रॉसिंग के दौरान दोनों वाहनों की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग वाहन में ही फंस गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद कार के दरवाजे तोड़कर घायलों और मृतकों को बाहर निकाला गया। हादसे में अखिलेश प्रजापति, मुकेश प्रजापति और माया प्रजापति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार चालक रशीद खान निवासी शाहगढ़ और रीना प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर किया गया।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।













