बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

कबाड़ गोदाम में भीषण आग, आधा किलोमीटर दूर तक दिखीं लपटें, इलाके में मची अफरा-तफरी

 

जबलपुर। गढ़ा पुरवा बस्ती के पास स्थित एक कबाड़ गोदाम में शुक्रवार देर रात भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी विकराल थी कि उसकी लपटें और धुएं का गुबार आधा किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा था। गोदाम में रखी प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैल गई।

जानकारी के अनुसार मंडी मदार टेकरी निवासी शफीक मोहम्मद का कबाड़ गोदाम पुरवा बस्ती क्षेत्र में संचालित था। रात करीब पौने एक बजे अचानक गोदाम में आग लग गई और देखते ही देखते पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम की फायर ब्रिगेड की तीन दमकलें और तीन पानी के टैंकर मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा लेने से आसपास के मकानों तक आग फैलने से रोक लिया गया।

आग की घटना देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़क पर जमा हो गए, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।

Author

Related Articles

Back to top button