नीट एडमिट कार्ड विवाद पर राहुल गांधी का हमला, बोले- ऐसे सिस्टम को परीक्षा कराने का अधिकार नहीं

नई दिल्ली। नीट यूजी री-एग्जाम के एडमिट कार्ड में तकनीकी गड़बड़ी का मामला सामने आने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) पर तीखा हमला बोला है। नागपुर के एक छात्र को जारी एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र भारत की बजाय अबू धाबी (यूएई) दर्शाए जाने पर उन्होंने परीक्षा व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर कहा कि एक छात्र, जो लंबे समय से परीक्षा की तैयारी कर रहा था, उसे अंतिम समय में विदेश में परीक्षा केंद्र मिलने की जानकारी मिली। न उसके पास पासपोर्ट है और न ही विदेश जाने के संसाधन। ऐसे में छात्र और उसके परिवार को भारी मानसिक तनाव का सामना करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि जो व्यवस्था अपने ही शहर में परीक्षा केंद्र उपलब्ध नहीं करा सकती और छात्र को विदेश भेज देती है, उसे परीक्षा आयोजित करने का अधिकार नहीं होना चाहिए। राहुल गांधी ने इसे शिक्षा व्यवस्था की गंभीर विफलता बताते हुए जवाबदेही तय करने की मांग की।
मामला सामने आने के बाद एनटीए ने इसे तकनीकी त्रुटि स्वीकार करते हुए छात्र को संशोधित एडमिट कार्ड जारी करने का आश्वासन दिया है। एजेंसी के अनुसार सिस्टम में आई गड़बड़ी को सुधारने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, विपक्ष ने इस घटना को लेकर परीक्षा प्रबंधन की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े किए हैं।













