सरई क्षेत्र में दर्दनाक हादसा: सरिया लदा ट्रैक्टर पलटा, मजदूर की मौत
टायर फटने से अनियंत्रित हुआ वाहन, चालक मौके से फरार; परिजनों ने लापरवाही का लगाया आरोप

सिंगरौली। जिले के सरई थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर पर पल्लेदारी का कार्य कर रहे मजदूर की मौत हो गई। शिवगढ़-ककरसिहा मार्ग पर सरिया लादकर जा रहा ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे ट्रैक्टर पर सवार मजदूर उसके नीचे दब गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर क्रमांक एमपी-66 ए-0726 शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे सरिया लेकर शिवगढ़-ककरसिहा मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर का टायर फट गया, जिससे वाहन संतुलन खो बैठा और सड़क किनारे पलट गया। हादसे में रामचन्द्र साकेत (44 वर्ष), पिता स्व. सुखान प्रसाद साकेत, निवासी अमहाटोला गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे तथा उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मजदूर की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक बच्चूलाल सिंह मौके से फरार हो गया। परिजनों ने चालक पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने ट्रैक्टर के फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा और चालक के लाइसेंस की जांच कराने की भी मांग उठाई है।
सूचना मिलने पर सरई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया टायर फटने से हादसा होना सामने आया है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वहीं फरार चालक की तलाश भी शुरू कर दी गई है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक परिवार को उचित मुआवजा देने तथा भारी वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।













