हाईवे पर खेल रहे 6 वर्षीय मासूम को तेज रफ्तार बोलेरो ने मारी टक्कर, हालत गंभीर

सिंगरौली। जिले के बरगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-39 पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बोलेरो वाहन की चपेट में आने से 6 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद उसे तत्काल बैढ़न के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार घटना शनिवार सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बच्चा हाईवे के डिवाइडर के समीप खेल रहा था, तभी तेज गति से आ रही बोलेरो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बालक करीब 15 फीट दूर जा गिरा।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई पूरी घटना
हादसे की पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में देखा जा सकता है कि बच्चे को टक्कर लगते ही वह सड़क पर दूर जा गिरता है। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके पर नहीं रुका और बोलेरो सिंगरौली की ओर निकल गई।
घायल बच्चे के सिर के दाहिने हिस्से में गंभीर चोट आई है। इसके अलावा उसका एक हाथ दो स्थानों से फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
पुलिस को तत्काल नहीं मिली सूचना
बरगवां थाना प्रभारी मोहम्मद समीर ने बताया कि घटना के संबंध में पुलिस को तत्काल कोई लिखित शिकायत या सूचना प्राप्त नहीं हुई थी। संभावना है कि हादसे के बाद परिजन बच्चे को सीधे अस्पताल लेकर चले गए। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अभिभावकों से पुलिस की अपील
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बच्चा हाईवे के डिवाइडर तक पहुंचा हुआ दिखाई दे रहा है। ऐसे में यह भी जांच का विषय है कि वह वहां तक कैसे पहुंचा। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि राष्ट्रीय राजमार्ग और व्यस्त सड़कों के आसपास रहने वाले परिवार अपने बच्चों पर विशेष निगरानी रखें।
पुलिस का कहना है कि हाईवे पर लगातार तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही रहती है, इसलिए बच्चों का सड़क या डिवाइडर के आसपास खेलना कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।













