बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेशसिंगरौली

सीधी तक रेल पहुंचाने के प्रयासों में तेजी लाने पर सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने दिया जोर

रीवा में आयोजित रेलवे समीक्षा बैठक में ललितपुर-सिंगरौली रेल परियोजना की हुई विस्तृत समीक्षा

सिंगरौली- सीधी संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने रीवा में आयोजित रेलवे की संभागीय समीक्षा बैठक में शामिल होकर सीधी जिले तक रेल सुविधा पहुंचाने के कार्यों में तेजी लाने की मांग की। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला ने की।

रीवा कमिश्नर सभागार में आयोजित बैठक में रीवा संभाग की विभिन्न रेलवे परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान ललितपुर-सिंगरौली रेलवे लाइन परियोजना की वर्तमान स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई। सांसद डॉ. मिश्रा ने कहा कि सीधी जिले की जनता लंबे समय से रेल सेवा की प्रतीक्षा कर रही है, इसलिए परियोजना के निर्माण कार्यों को गति देकर इसे जल्द पूरा किया जाना चाहिए।

बैठक में वर्ष 2028 तक सिंगरौली के गोदवाली रेलवे स्टेशन तक रेल पहुंचाने के लक्ष्य पर भी विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि परियोजना के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की बाधा न आने पाए और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं।

समीक्षा के दौरान ब्यौहारी क्षेत्र से जुड़े रेलवे विकास कार्यों, रेलमार्ग विस्तार, दोहरीकरण परियोजनाओं एवं अन्य प्रस्तावित योजनाओं पर भी चर्चा हुई। सांसद डॉ. मिश्रा ने कहा कि रेलवे अधोसंरचना का विस्तार क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। बेहतर रेल संपर्क से व्यापार, रोजगार, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा आम नागरिकों को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

बैठक में रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा, रीवा संभागायुक्त बी.एस. जामोद, रेलवे के महाप्रबंधक सहित रेलवे विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सांसद डॉ. मिश्रा ने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से सीधी, सिंगरौली और ब्यौहारी क्षेत्र में रेलवे विकास की वर्षों पुरानी मांगें जल्द पूरी होंगी।

Author

Related Articles

Back to top button