नीट परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, कलेक्टर-एसपी ने किया औचक निरीक्षण
सुरक्षा, बायोमेट्रिक जांच और परीक्षार्थियों की सुविधाओं पर विशेष जोर

सिंगरौली। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। परीक्षा से पूर्व कलेक्टर गौरव बैनल और पुलिस अधीक्षक ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केंद्रीय विद्यालय जयंत कोलियरी, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जयंत, पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय विंध्यनगर और शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैढ़न का भ्रमण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, बैठक प्रबंधन, प्रवेश प्रक्रिया और अन्य प्रशासनिक तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की गई।
कलेक्टर गौरव बैनल ने केंद्र प्रभारियों को एनटीए के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षार्थियों के प्रवेश के दौरान मेटल डिटेक्टर से जांच और बायोमेट्रिक सत्यापन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने को कहा। भीषण गर्मी को देखते हुए सभी केंद्रों पर ठंडे पेयजल, पर्याप्त रोशनी, चालू पंखों, छायादार प्रतीक्षा कक्ष तथा मेडिकल टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।













