बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

पवन साहू हत्याकांड में पंकज गुप्ता की दुकान और स्कॉर्पियो में आगजनी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

उन्मादी भीड़ ने दुकान और वाहन को किया था आग के हवाले, कई अन्य लोगों की भी जांच जारी

सिंगरौली- जिले के मोरवा थाना क्षेत्र के चर्चित पवन साहू हत्याकांड के दौरान मोरवा के साईंनगर में पंकज गुप्ता के दुकान और स्कॉर्पियो वाहन में आगजनी एवं तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार 11 मार्च की रात लगभग 9:45 बजे मोरवा स्थित पंकज गुप्ता की दुकान पर 20-25 लोगों की भीड़ पहुंची और जमकर उत्पात मचाया। आरोपियों ने दुकान का शटर तोड़कर अंदर रखे सामान में तोड़फोड़ की तथा ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। इसके बाद दुकान के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर आग के हवाले कर दिया।

घटना में दुकान में रखा किराना सामान, फ्रिज, सीसीटीवी कैमरे, डीवीआर सहित अन्य सामग्री जलकर नष्ट हो गई। वहीं स्कोर्पियो वाहन क्रमांक UP 64Q 1137 भी पूरी तरह जल गया। पीड़ित राहुल कुमार गुप्ता निवासी मोरवा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए लगभग 5 लाख रुपये के नुकसान की जानकारी दी थी।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक शियाज के.एम. के निर्देशन तथा एसडीओपी रोशनी कुर्मी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आगजनी के मुख्य आरोपी आशीष साकेत पिता संतलाल साकेत उम्र 20 वर्ष निवासी साईंनगर थाना को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेज दिया गया। मामले में अन्य आरोपियों विवेक कुमार साकेत, दिलीप साकेत, प्रिंस गुप्ता, प्रीतम गुप्ता, पुष्पराज पाठक, सनी साकेत, गुड्डू गुप्ता, जावेद, रंजीत शर्मा, पूजा सोनी की मां, अजय साकेत, राकेश साकेत, संगीता साकेत, प्रीति साकेत, का भी नाम फरियादी के विवरण में लिया है जिसकी भूमिका की पुलिस जांच कर रही है।

उक्त कार्रवाई में उपनिरीक्षक एन.पी. तिवारी, सहायक उपनिरीक्षक संतोष सिंह, संजीत सिंह, प्रधान आरक्षक अर्जुन सिंह, प्रधान आरक्षक कुलदीप शर्मा, आरक्षक अजय यादव, कमलेश तिवारी, रियाज आलम एवं राकेश यादव की सराहनीय भूमिका रही।

Author

Related Articles

Back to top button