इंटक नेता लालपुष्प राज सिंह की मौजुदगी में मजदूरों के भुगतान पर बनी सहमति, निगाही में आंदोलन समाप्त

सिंगरौली। निगाही सीएचपी (ओ एंड एम) में कार्यरत मधुकोन कंपनी के मजदूरों के मासिक भुगतान को लेकर पिछले कई दिनों से जारी विवाद आखिरकार सुलझ गया है। कंपनी प्रबंधन द्वारा लिखित सहमति देने के बाद श्रमिक संगठन ने आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया है।
24 जून तक होगा मजदूरी का भुगतान प्रबंधन की ओर से 22 जून 2026 को राष्ट्रीय कोलियरी श्रमिक संघ (इंटक) के पदाधिकारियों को एक आधिकारिक पत्र जारी किया गया। इस पत्र में स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया गया है कि मई 2026 की उपस्थिति (अटेंडेंस शीट) संलग्न कर दी गई है। साथ ही, निर्धारित दर के अनुसार सभी कामगारों की बकाया मजदूरी का भुगतान 24 जून 2026 तक अनिवार्य रूप से कर दिया जाएगा।
प्रबंधन ने की हड़ताल वापस लेने की अपील
लिखित आश्वासन के साथ ही कंपनी प्रबंधन ने ‘इंटक’ के पदाधिकारियों से प्रस्तावित हड़ताल को पूरी तरह समाप्त कर काम पर लौटने का आग्रह किया है। प्रबंधन का कहना है कि कार्य बाधित होने से न केवल उत्पादन प्रभावित होता है, बल्कि इससे राष्ट्रीय हित को भी नुकसान पहुंचता है।
आंदोलन हुआ समाप्त: निगाही सीएचपी में मधुकोन कंपनी के कर्मचारियों की मांगों को लेकर जोरदार आंदोलन चलाया जा रहा था। प्रबंधन द्वारा लिखित रूप में मांगें स्वीकार किए जाने और भुगतान की समय-सीमा तय करने के बाद, श्रमिक संगठन ने संतोष व्यक्त करते हुए आंदोलन खत्म करने का एलान किया और काम पर वापस लौटने की सहमति जताई।











