मध्य प्रदेशसिंगरौली

नहर तोड़कर सड़क निर्माण पर घिरे सरपंच-सचिव, एसडीओ ने जारी किया नोटिस

 

सिंगरौली/ देवसर क्षेत्र की हर्रा चंदेल ग्राम पंचायत में नहर को क्षतिग्रस्त कर सड़क निर्माण कराने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। जल संसाधन विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पंचायत के सरपंच एवं सचिव को पूर्ववत नहर निर्माण कराने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में नहर बहाल नहीं की गई तो संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

 

जानकारी के अनुसार माड़ी जलाशय से निकलने वाली वर्षों पुरानी सिंचाई नहर को जेसीबी मशीन से तोड़कर सड़क निर्माण का कार्य कराया जा रहा था। ग्रामीणों ने इसका विरोध करते हुए मामले की शिकायत विभागीय अधिकारियों से की। शिकायत मिलने के बाद जल संसाधन विभाग हरकत में आया और जांच के लिए राजस्व अमले को मौके पर भेजा गया। अधिकारियों के पहुंचते ही निर्माण कार्य बंद करा दिया गया।

 

बताया जा रहा है कि करीब 30 से 40 वर्ष पुरानी इस नहर से आसपास के कई किसानों के खेतों की सिंचाई होती रही है। ग्रामीणों का कहना है कि नहर क्षतिग्रस्त होने से किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पाएगा, वहीं जल प्रवाह बाधित होने से पानी खेतों में फैलकर नुकसान भी पहुंचा सकता है।

 

मामले में जल संसाधन विभाग के एसडीओ ने ग्राम पंचायत को पत्र जारी कर तत्काल नहर को पूर्व की स्थिति में बहाल करने के निर्देश दिए हैं। विभागीय कार्रवाई की चेतावनी के बाद पंचायत में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

 

इनका कहना है

मामला संज्ञान में आते ही कार्य तत्काल बंद करा दिया गया है। पंचायत को पूर्ववत नहर निर्माण कराने के निर्देश दिए गए हैं। यदि नहर का निर्माण नहीं कराया गया तो नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।

 

रत्ना द्विवेदी

एसडीओ, जल संसाधन विभाग,

देवसर

Author

Related Articles

Back to top button