उद्यानिकी योजनाओं का लाभ लेने के लिए एमपीएफएसटीएस पोर्टल पर कृषक पंजीयन प्रारंभ
सिंगरौली / उप संचालक उद्यानिकी ने अवगत कराया है कि मध्य प्रदेश शासन के उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 में संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान करने के लिए कृषक पंजीयन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है.उन्होने जिले के सभी किसानों से अपील की है कि वे नवीन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए एमपीएफएसटीएस पोर्टल पर अतिशीघ्र अपना ऑनलाइन पंजीकरण सुनिश्चित करें।
उन्होने बताया कि इस वर्ष विभाग द्वारा आधुनिक कृषि और उन्नत सिंचाई पद्धतियों को बढ़ावा देने के लिए कई प्रमुख योजनाओं पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है. इसके तहत किसानों को ड्रिप सिंचाई, पोर्टेबल स्प्रिंकलर और मिनी स्प्रिंकलर जैसी उन्नत सिंचाई तकनीकों के साथ-साथ शेडनेट हाउस और पॉली हाउस के निर्माण के लिए सहायता दी जाएगी. इसके अतिरिक्त, जो किसान पारंपरिक खेती से हटकर फलोद्यान विकसित करना चाहते हैं, उनके लिए आम, अमरूद, नींबू और संतरा आदि के नवीन बगीचों की स्थापना के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं.नवीन पंजीयन की प्रक्रिया को पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए किसानों को कुछ अनिवार्य दस्तावेज पोर्टल पर प्रस्तुत करने होंगे. पंजीकरण के समय किसानों के पास अपना आधार कार्ड, बैंक पासबुक, ऋण पुस्तिका अथवा खसरा नकल, पासपोर्ट साइज फोटो और चालू मोबाइल नंबर होना आवश्यक है. इसके साथ ही, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के कृषकों को नियमानुसार लाभ प्राप्त करने के लिए अपना जाति प्रमाण-पत्र भी संलग्न करना होगा।











