ऑपरेशन मुस्कान के तहत नवानगर पुलिस को सफलता, अपहृत नाबालिग बालिका दस्तयाब, आरोपी गिरफ्तार

सिंगरौली। पुलिस अधीक्षक पियूष के.एम. के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत नवानगर पुलिस ने अपहृत नाबालिग बालिका को सकुशल दस्तयाब कर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जिला जेल भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 जून 2026 को थाना नवानगर में एक 16 वर्षीय बालिका के अपहरण का मामला दर्ज किया गया था। इस संबंध में थाना नवानगर में अपराध क्रमांक 136/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण कायम कर पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक पियूष के.एम., अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा एवं नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर उमेश कुमार प्रजापति के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नवानगर निरीक्षक डॉ. अनिल कुमार पटेल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर बालिका की तलाश शुरू की गई। लगातार पतासाजी के दौरान पुलिस ने अपहृत बालिका को ग्राम पचखोरा, थाना बैढ़न क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया।
जांच के दौरान आरोपी रविंद्र पनिका, पिता हरिहर पनिका, निवासी चोरौली कला के विरुद्ध अपहरण के साथ अन्य संबंधित धाराओं के साक्ष्य मिलने पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(एम) एवं 87 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5एल/6 बढ़ाई गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सूर्यपाल सिंह, प्रधान आरक्षक जगदीश तिवारी, आरक्षक मोहित सिंह एवं आरक्षक प्रशांत सिंह की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए ऑपरेशन मुस्कान के तहत अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।












