पेपर लीक की आशंका के बीच महाराष्ट्र टीईटी-2026 परीक्षा स्थगित

पुणे। महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने 28 जून को प्रस्तावित शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी)-2026 को पेपर लीक की आशंका के चलते स्थगित कर दिया है। यह निर्णय भिवंडी में पुलिस कार्रवाई के दौरान बरामद कुछ प्रश्नों के परीक्षा प्रश्नपत्र से मेल खाने की प्रारंभिक पुष्टि के बाद लिया गया।
जानकारी के अनुसार, भिवंडी पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोगों के पास टीईटी परीक्षा से संबंधित गोपनीय सामग्री मौजूद है। छापेमारी के बाद बरामद प्रश्नों का राज्य परीक्षा परिषद के अधिकारियों ने मिलान किया, जिसमें कुछ प्रश्न 28 जून को होने वाली परीक्षा के प्रश्नपत्र से मिलते पाए गए। इसके बाद परिषद ने परीक्षा तत्काल प्रभाव से स्थगित करने का फैसला लिया।
राज्य परीक्षा परिषद ने बताया कि टीईटी-2026 की परीक्षा महाराष्ट्र के 1,028 केंद्रों पर आयोजित होनी थी। परिषद ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए किसी भी प्रकार की अनियमितता की आशंका को गंभीरता से लेते हुए यह कदम उठाया गया है। मामले की जांच जारी है और भिवंडी पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है।
इधर, घटना को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। शिवसेना (यूबीटी) के विधान परिषद सदस्य अंबादास दानवे ने सरकार पर परीक्षा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। वहीं, परीक्षा परिषद ने अभ्यर्थियों से नई परीक्षा तिथि और अन्य अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।











