देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

कोलकाता गोदाम हादसे में मृतकों की संख्या 16 पहुंची, तीसरे दिन भी जारी बचाव अभियान

 

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के तारातला क्षेत्र में निर्माणाधीन गोदाम की छत गिरने से मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। पुलिस के अनुसार, अस्पताल में उपचार के दौरान एक और घायल की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़ा है। हादसे में घायल 14 लोगों का एसएसकेएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इलाज चल रहा है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।

हादसे के तीसरे दिन भी राहत एवं बचाव कार्य जारी है। अभियान में भारतीय सेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और रेलवे की टीमें संयुक्त रूप से जुटी हैं। मलबा हटाने के लिए प्लाज्मा कटिंग और ऑक्सी-कटिंग मशीनों का उपयोग किया जा रहा है, जबकि दबे लोगों की तलाश के लिए स्निफर डॉग और इन्फ्रारेड कैमरों की मदद ली जा रही है।

प्रारंभिक जांच में निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के इस्तेमाल और गलत कास्टिंग तकनीक को हादसे का संभावित कारण बताया गया है। पुलिस ने कहा कि मजदूरों की उपस्थिति का कोई रिकॉर्ड नहीं होने से मलबे में फंसे लोगों की वास्तविक संख्या का पता लगाना मुश्किल हो रहा है।

इस बीच, भाजपा मजदूर प्रकोष्ठ ने मामले में पूर्व मेयर फिरहाद हकीम सहित तीन लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।

Author

Related Articles

Back to top button