ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

13 वर्षीय किशोरी हरियाणा के पानीपत से सकुशल बरामद, आरोपी गिरफ्तार

 

सिंगरौली। जयंत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहरण की शिकार 13 वर्षीय किशोरी को हरियाणा के पानीपत से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले के आरोपी को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 3 जून 2026 को जयंत चौकी क्षेत्र निवासी एक महिला ने अपनी 13 वर्षीय पुत्री के लापता होने की शिकायत थाना विन्ध्यनगर में दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर अपहरण का मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित टीम ने साइबर सेल की मदद से मोबाइल लोकेशन के आधार पर किशोरी और संदिग्ध की तलाश की।

जांच के दौरान पुलिस टीम हरियाणा के पानीपत पहुंची, जहां एक धागा फैक्ट्री की आवासीय कॉलोनी से किशोरी को सकुशल बरामद किया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ पानीपत ले गया था।

पीड़िता के बयान, मेडिकल परीक्षण और जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म, पॉक्सो अधिनियम तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की विवेचना जारी है।

Author

Related Articles

Back to top button