SAFE CLICK-2026 अभियान के तहत महिला एवं बाल सुरक्षा पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम

सिंगरौली। पुलिस मुख्यालय मध्यप्रदेश के निर्देशन में संचालित “SAFE CLICK-2026” साइबर जागरूकता अभियान 2.0 के चौथे दिवस शुक्रवार को जिलेभर में “महिला एवं बाल सुरक्षा दिवस” के रूप में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान का उद्देश्य महिलाओं, बच्चों, छात्र-छात्राओं एवं आम नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विद्यालयों, महिला स्व-सहायता समूहों, औद्योगिक संस्थानों एवं सामाजिक संगठनों के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया गया। थाना विंध्यनगर द्वारा अमृत विद्यापीठ विद्यालय में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को सोशल मीडिया सुरक्षा, ऑनलाइन ठगी और डिजिटल सुरक्षा की जानकारी दी गई। थाना मोरवा ने शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय पंजरेह में छात्राओं को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया, जबकि थाना माड़ा ने ग्राम कोयलखूथ में महिला स्व-सहायता समूह की महिलाओं को साइबर बुलिंग, मॉर्फिंग, फर्जी प्रोफाइल और ऑनलाइन शोषण से बचाव के उपाय बताए।
इसके अलावा थाना नवानगर ने एनसीएल निगाही परियोजना के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, थाना गढ़वा ने सामाजिक संगठन के पदाधिकारियों तथा थाना लंघाडोल ने आम नागरिकों को बैंकिंग फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी लिंक, ओटीपी और क्यूआर कोड ठगी से बचाव की जानकारी दी।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, यूपीआई पिन, बैंक खाते की जानकारी या पासवर्ड साझा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें अथवा
www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम जागरूकता ही है।













