नशामुक्ति अभियान में उत्कृष्ट कार्य पर गढ़वा थाना प्रभारी विद्यावारिधि तिवारी सम्मानित

चितरंगी/गढ़वा। नशामुक्ति अभियान में उल्लेखनीय योगदान और अवैध नशे के कारोबार के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए गढ़वा थाना प्रभारी विद्यावारिधि तिवारी को सम्मानित किया गया। यह सम्मान स्वयंसेवी संस्था कालिका प्रसाद (केपी) बैस सेवा समिति, शिवपुरवा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष उमाशंकर सिंह बैस ने प्रदान किया।
सम्मान समारोह में अध्यक्ष उमाशंकर सिंह बैस ने कहा कि थाना प्रभारी तिवारी ने क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई करने के साथ-साथ युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का सराहनीय कार्य किया है। उनके प्रयासों से समाज में सकारात्मक संदेश गया है और युवाओं को नशामुक्त जीवन की ओर प्रेरणा मिली है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद थाना प्रभारी विद्यावारिधि तिवारी ने समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस और समाज के संयुक्त प्रयासों से ही नशे जैसी सामाजिक बुराई पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि केपी बैस सेवा समिति के माध्यम से युवाओं की एक सशक्त टीम तैयार हुई है, जो भविष्य में भी नशामुक्ति अभियान को गति देने में सहयोग करेगी।
कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारी, स्थानीय नागरिक एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। सभी ने समाज को नशामुक्त बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर समाजसेवी लक्ष्मण सिंह बैस, रामेश्वर सिंह बैस, गुलाब सिंह बैस, पन्नालाल सिंह बैस, रामचंद्र बैस, लायक कुमार बैस, जामा केवट, कैलाश सिंह सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।













