एक हादसे ने थाम दी रफ्तार: मुआवजे की मांग पर तीन घंटे जाम रहा एनसीएल एक्सप्रेस-वे
बाइक सवार की मौत के बाद परिजनों का प्रदर्शन, प्रशासन के आश्वासन और तत्काल सहायता के बाद खुला मार्ग

सिंगरौली। मोरवा थाना क्षेत्र के एनसीएल एक्सप्रेस-वे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद रविवार को लोगों का गुस्सा सड़क पर उतर आया। हादसे में बाइक सवार बब्बेलाल बैगा की मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने काटा मोड़ पर शव रखकर करीब तीन घंटे तक चक्का जाम किया। प्रदर्शन के चलते एक्सप्रेस-वे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कोयला परिवहन समेत अन्य यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि एनसीएल एक्सप्रेस-वे पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जा रहे। उनका कहना था कि केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जिम्मेदार अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और सुरक्षा संबंधी ठोस कदमों का भरोसा देना चाहिए।
ड्यूटी से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मेढ़ौली निवासी बब्बेलाल बैगा ओबी कंपनी चड्ढा में कार्यरत थे। शनिवार शाम ड्यूटी पूरी कर वह मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। शुक्ला मोड़ के आगे पुलिया के पास तेज रफ्तार कैंपर वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस की समझाइश के बाद समाप्त हुआ प्रदर्शन
चक्का जाम की सूचना मिलते ही मोरवा थाना प्रभारी डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में परिजनों से लंबी चर्चा हुई। वार्ता के दौरान वाहन स्वामी की ओर से मृतक के परिजनों को 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता तथा 30 हजार रुपये अंत्येष्टि सहायता तत्काल उपलब्ध कराई गई। साथ ही रेड क्रॉस सोसाइटी से अतिरिक्त आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन भी दिया गया।
आश्वासन मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त किया, जिसके बाद करीब तीन घंटे से बाधित एनसीएल एक्सप्रेस-वे पर यातायात सामान्य हो सका।
वाहन जब्त, जांच जारी
मोरवा पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कैंपर वाहन को जब्त कर लिया है। पुलिस वाहन के पंजीयन, चालक की भूमिका तथा दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से एक्सप्रेस-वे पर स्पीड कंट्रोल, चेतावनी संकेतक और अन्य स्थायी सड़क सुरक्षा उपाय तत्काल लागू करने की मांग की है।













