खंडवा में वन भूमि पर चला प्रशासन का बड़ा अभियान
30 जेसीबी और 600 से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों की मौजूदगी में हटाया गया अतिक्रमण, 70 फीसदी क्षेत्र कराया गया मुक्त

खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के गुढ़ी वन परिक्षेत्र स्थित आमाखुजरी जंगल में वन भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए सोमवार को प्रशासन ने बड़े स्तर पर संयुक्त अभियान चलाया। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में करीब 30 जेसीबी मशीनों तथा 600 से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों की तैनाती के साथ कार्रवाई की गई। प्रशासन के अनुसार अब तक लगभग 70 प्रतिशत क्षेत्र अतिक्रमण मुक्त कराया जा चुका है।
जानकारी के अनुसार आमाखुजरी जंगल में अतिक्रमणकारियों ने झोपड़ियां बनाकर कब्जा कर लिया था और बारिश के मौसम में खेती की तैयारी भी शुरू कर दी थी। हाल ही में गश्त के दौरान फ्लाइंग स्क्वाड की टीम पर कथित रूप से हमला हुआ था, जिसमें आठ वनकर्मी घायल हो गए थे। इसके बाद प्रशासन ने बड़े पैमाने पर कार्रवाई का निर्णय लिया।
अभियान के दौरान अतिक्रमणकारियों द्वारा वन भूमि पर बोई गई मक्के की फसल को जेसीबी मशीनों की सहायता से हटाया गया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 60 महिला पुलिसकर्मियों सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल और वन अमला मौके पर तैनात रहा।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत आंसू गैस के गोले भी साथ लाए गए थे। हालांकि जंगल के ऊबड़-खाबड़ रास्ते में झटका लगने से एक गैस गोला अनजाने में फट गया, जिससे कुछ पुलिसकर्मी प्रभावित हुए। बाद में स्थिति को तत्काल नियंत्रित कर लिया गया।
कार्रवाई के दौरान कलेक्टर ऋषभ गुप्ता, पुलिस अधीक्षक अगम जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र तारणेकर और डीएफओ राकेश कुमार डामोर लगातार मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन ने बताया कि वन भूमि को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराने तक अभियान जारी रहेगा।













