देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

सऊदी अरामको का हेलीकॉप्टर हादसे का शिकार, रस तनुरा में 14 लोगों की मौत

तेल कंपनी के हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से मची अफरा-तफरी, सभी मृतक सऊदी नागरिक; कारणों की जांच शुरू

नई दिल्ली/रियाद। दुनिया की सबसे बड़ी तेल कंपनी सऊदी अरामको का एक हेलीकॉप्टर सऊदी अरब के रस तनुरा क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भीषण हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार 14 लोगों की मौत हो गई। सभी मृतक सऊदी नागरिक बताए गए हैं। दुर्घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है और संबंधित एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हेलीकॉप्टर नियमित परिचालन के दौरान रस तनुरा क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। हादसे के बाद राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा, लेकिन सभी यात्रियों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। अधिकारियों ने अभी तक दुर्घटना के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।

सऊदी ऊर्जा मंत्रालय ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। मंत्रालय ने कहा कि दुर्घटना की विस्तृत जांच कराई जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा।

पश्चिम एशिया का प्रमुख तेल केंद्र है रस तनुरा

रस तनुरा पश्चिम एशिया के सबसे बड़े तेल रिफाइनरी और निर्यात केंद्रों में से एक है। यहां सऊदी अरामको का प्रमुख परिचालन केंद्र स्थित है, जहां से दुनिया के कई देशों को बड़ी मात्रा में कच्चे तेल का निर्यात किया जाता है।

सऊदी अरामको वर्ष 1934 से हवाई सेवाओं का उपयोग कर रही है। वर्ष 2023 में कंपनी ने अपनी एविएशन इकाई को अलग कर अलौला एविएशन के रूप में स्थापित किया था। वर्तमान में इस इकाई के पास 60 से अधिक विमान और हेलीकॉप्टर हैं, जिनका उपयोग ऑफशोर तेल परियोजनाओं, मेडिकल इमरजेंसी, लॉजिस्टिक्स और अन्य औद्योगिक कार्यों में किया जाता है। फिलहाल हादसे की विस्तृत जांच जारी है।

Author

Related Articles

Back to top button