हिरवाह रिवर फ्रंट पर आज होगा ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ का भव्य समापन,
नगर निगम आयुक्त ने की आमजन से जुड़ने की अपील
सिंगरौली । पारंपरिक जल स्रोतों को सहेजने और नदियों के पुनर्जीवन के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर चलाया जा रहा ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। इस अत्यंत महत्वपूर्ण और जन-हितैषी अभियान का भव्य समापन 30 जून को शाम 4:00 बजे गनियारी स्थित हिरवाह रिवर फ्रंट मुक्तिधाम के सामने आयोजित किया जा रहा है।
इस विशेष अवसर पर पूरे अभियान के दौरान हुए कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ जल संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण संवर्धन के प्रति समाज में एक मजबूत जनभागीदारी का संदेश प्रसारित किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि इस अभियान के तहत कुओं, बावड़ियों, तालाबों और नदियों की साफ-सफाई, गहरीकरण तथा उनके संरक्षण के लिए लगातार प्रयास किए गए हैं। आज आयोजित होने वाले इस समापन समारोह को लेकर नगर पालिक निगम सिंगरौली द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अभियान समाप्त होने के बाद भी नागरिक अपने स्तर पर जल स्रोतों की देखरेख और पर्यावरण की रक्षा का संकल्प बनाए रखें।
नगर निगम सिंगरौली की आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान द्वारा आम जन मानस, प्रबुद्ध जनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और पर्यावरण प्रेमियों से अपील की गई है कि वे हिरवाह रिवर फ्रंट पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होंकर अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दे, उहोंने कहा कि जनभागीदारी के बिना कोई भी पर्यावरण आंदोलन सफल नहीं हो सकता, इसलिए आमजन की उपस्थिति इस समापन समारोह को सफल बनाने और जल संरक्षण के इस महा-संकल्प को आगे बढ़ाने में अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगी।









