ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

यादों के संग भविष्य की नई उड़ान: पॉलीटेक्निक कॉलेज में सजा एलुमनी मीट 2.0 का भव्य आयोजन

देशभर से पहुंचे पूर्व छात्र, अनुभव साझा कर वर्तमान विद्यार्थियों को सफलता का दिया मंत्र

सिंगरौली। शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज, बैढ़न में रविवार को एलुमनी एसोसिएशन के तत्वावधान में ‘एलुमनी मीट 2.0’ का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में वर्ष 1983 से 2025 तक के पासआउट पूर्व छात्र, जो वर्तमान में देश के विभिन्न सरकारी विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों एवं निजी संस्थानों में सेवाएं दे रहे हैं, बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एमपीयूडीसी भोपाल में पदस्थ एवं एलुमनी एसोसिएशन के प्रमुख संरक्षक आनंद सिंह रहे, जिन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम की शुरुआत भारत रत्न एम. विश्वेश्वरैया की प्रतिमा के अनावरण एवं निर्माणाधीन विश्वेश्वरैया पार्क में पौधरोपण के साथ हुई। इसके बाद कॉलेज प्रबंधन एवं पूर्व छात्रों ने एक-दूसरे का सम्मान कर आत्मीय परिचय साझा किया।

एलुमनी एसोसिएशन के अध्यक्ष सजन अग्रवाल ने संस्था की उपलब्धियों, सदस्यता विस्तार एवं भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला। वहीं कार्यकारी अध्यक्ष संतोष कुमार पाण्डेय ने एलुमनी एसोसिएशन की भूमिका और विद्यार्थियों के हित में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। कॉलेज के प्राचार्य कैलाश तंतुवाय ने तकनीकी शिक्षा, कैंपस प्लेसमेंट, आधुनिक सुविधाओं एवं संस्थान की उपलब्धियों से सभी को अवगत कराया।

सम्मेलन में कॉलेज स्थापना से अब तक के पुराने छायाचित्रों और पूर्व छात्रों के वीडियो संदेशों का प्रदर्शन किया गया, जिसने सभी को पुरानी यादों से जोड़ दिया। इस अवसर पर एलुमनी एसोसिएशन की स्मारिका ‘उमंग’ के प्रथम अंक तथा कॉलेज वेबसाइट के एलुमनी सेक्शन का भी विमोचन किया गया।

मुख्य अतिथि आनंद सिंह ने कहा कि एलुमनी एसोसिएशन संस्थान और विद्यार्थियों के बीच मजबूत सेतु का कार्य कर रही है। उन्होंने घोषणा की कि एलुमनी मीट 3.0 का आयोजन 15 सितंबर 2027 को और भी बड़े स्तर पर किया जाएगा।

कार्यक्रम में स्पोर्ट्स मीट-2026 के विजेताओं को सम्मानित किया गया तथा सभी पूर्व छात्रों को स्मृति-चिह्न प्रदान किए गए। गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को भावुक और उत्साहपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम का संचालन आशीष शुक्ला एवं आभार प्रदर्शन अनिल कुमार जायसवाल ने किया।

Author

Related Articles

Back to top button