पीएम आवासों में अनियमितता पर निगम आयुक्त सख्त, किराए पर मकान देने वालों का आवंटन होगा निरस्त
गनियारी आवास परिसर का निरीक्षण, खाली मकानों के शीघ्र आवंटन और मूलभूत सुविधाएं सुधारने के निर्देश

सिंगरौली। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित गनियारी आवास परिसर का सोमवार को नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही, आवासों को किराए पर देने वाले हितग्राहियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के संकेत देते हुए स्पष्ट कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों का आवंटन निरस्त किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने परिसर में खाली पड़े आवासों की जानकारी लेकर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों को शीघ्र आवंटित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि कोई भी आवास अनावश्यक रूप से खाली न रहे और प्रत्येक पात्र परिवार को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराया जाए।
आयुक्त ने परिसर की स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए नियमित सफाई, नालियों की सफाई और कचरा निष्पादन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा पाइपलाइन के माध्यम से नियमित पेयजल आपूर्ति, मुख्य पहुंच मार्ग की मरम्मत तथा खराब स्ट्रीट लाइट एवं विद्युत व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि कुछ हितग्राहियों ने अपने आवास किराए पर दे दिए हैं या स्वयं वहां निवास नहीं कर रहे हैं। इस पर नाराजगी जताते हुए आयुक्त ने ऐसे मामलों की जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने और आवश्यक होने पर आवंटन निरस्त करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डिप्टी कमिश्नर आर.पी. बैस, सहायक आयुक्त ज्योति सिंह सहित नगर निगम के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि हितग्राहियों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ वास्तविक पात्र परिवारों तक पहुंच सके।








