बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

पन्ना की धरती ने फिर चमकाई किस्मत: एक ही परिवार को दूसरी बार मिला लाखों का हीरा

 

पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले की हीरा नगरी ने एक बार फिर एक आदिवासी परिवार की किस्मत बदल दी। अहिरगुवा गांव निवासी राकेश गौड़ को खुदाई के दौरान 11.19 कैरेट का जेम्स क्वालिटी का हीरा मिला है, जिसकी अनुमानित कीमत 35 से 40 लाख रुपये बताई जा रही है। खास बात यह है कि इसी परिवार को दो वर्ष पहले भी करोड़ों रुपये मूल्य का हीरा मिल चुका है।

जानकारी के अनुसार राकेश गौड़ अपने भाइयों और रिश्तेदारों के साथ अहिरगुवा कैंप स्थित उथली हीरा खदान में खुदाई कर रहे थे। इसी दौरान मिट्टी के बीच चमकती हुई वस्तु दिखाई दी। पास जाकर देखने पर वह बेशकीमती हीरा निकला। राकेश ने तत्काल हीरा कार्यालय पहुंचकर उसे जमा कराया, जहां जांच में यह 11.19 कैरेट का उच्च गुणवत्ता वाला हीरा पाया गया। अब इसे आगामी शासकीय नीलामी में रखा जाएगा।

राकेश ने बताया कि वह पिछले दो वर्षों से लगातार हीरे की तलाश में मेहनत कर रहे थे। इसी वर्ष अप्रैल में उन्होंने खदान का पट्टा लेकर खुदाई शुरू की थी और महज दो माह में उनकी मेहनत रंग ले आई।

इस परिवार की खुशकिस्मती यहीं नहीं रुकी। जुलाई 2024 में राकेश के पिता चुनुवादा गौड़ को भी 19.22 कैरेट का हीरा मिला था, जिसकी कीमत उस समय 93 लाख रुपये से एक करोड़ रुपये के बीच आंकी गई थी।

राकेश का कहना है कि नीलामी से मिलने वाली राशि का उपयोग वे फिर से नई खदान लगाने में करेंगे। पन्ना की धरती पर एक ही परिवार को दूसरी बार मिला यह बेशकीमती हीरा अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Author

Related Articles

Back to top button