बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

आधी रात जेसीबी से मकान ढहाने का आरोप

मारपीट व तोड़फोड़ की शिकायत; जियावन पुलिस जांच में जुटी

सिंगरौली। जिले के जियावन थाना क्षेत्र अंतर्गत नौढ़िया वीरान गांव में आधी रात कथित रूप से जेसीबी मशीन से मकान ढहाने और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने कुछ लोगों पर घर में घुसकर तोड़फोड़, मारपीट और सीसीटीवी कैमरे तोड़ने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।पीड़ित रंगनाथ गुप्ता, निवासी ग्राम नौढ़िया वीरान, ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि सोमवार देर रात करीब दो बजे उमरहर निवासी रामायण बैस के पुत्र दीवाकर बैस और प्रभाकर बैस अपने कुछ अन्य साथियों के साथ उनके घर पहुंचे। आरोप है कि परिवार के कुछ समझ पाता, उससे पहले आरोपियों ने मारपीट और तोड़फोड़ शुरू कर दी तथा जेसीबी मशीन से उनके पक्के मकान को क्षतिग्रस्त कर दिया।

पीड़ित का यह भी आरोप है कि घटना के दौरान साक्ष्य मिटाने की नीयत से दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी तोड़ दिया गया, ताकि पूरी वारदात का रिकॉर्ड उपलब्ध न हो सके।घटना के संबंध में रंगनाथ गुप्ता ने जियावन थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। हालांकि भूमि स्वामित्व का अंतिम निर्णय राजस्व एवं न्यायालयीन प्रक्रिया से ही होगा। ऐसे में यदि किसी पक्ष द्वारा कानून हाथ में लेकर बलपूर्वक कार्रवाई की गई है, तो इसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।जियावन पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Author

Related Articles

Back to top button