सपाक्स पार्टी ने राष्ट्रपति/प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, भारत भूषण तिवारी प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग

सिंगरौली। सपाक्स पार्टी के पदाधिकारियों ने सोमवार को जिला कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति/प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर बिहार के भोजपुर निवासी भारत भूषण तिवारी की कथित फर्जी मुठभेड़ (एनकाउंटर) की निष्पक्ष जांच एवं दोषी पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।
सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि भारत भूषण तिवारी, निवासी ग्राम बिलोटी, जिला भोजपुर (बिहार), एक सामाजिक कार्यकर्ता थे। संगठन का आरोप है कि आत्मसमर्पण की प्रक्रिया के बाद भी पुलिस प्रशासन द्वारा उनके साथ फर्जी मुठभेड़ की कार्रवाई की गई, जो कानून और मानवाधिकारों के विरुद्ध है।
सपाक्स पार्टी ने मांग की है कि मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा यदि किसी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध हत्या सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। संगठन ने यह भी मांग की कि मामले की सुनवाई त्वरित न्यायालय (फास्ट ट्रैक कोर्ट) में कर दोषियों को शीघ्र दंड दिलाया जाए।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि यदि एक माह के भीतर इस मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं होती है, तो सपाक्स पार्टी देशभर में चरणबद्ध आंदोलन एवं प्रदर्शन करेगी, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।ज्ञापन सौंपने के दौरान सपाक्स पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य कानून के शासन, मानवाधिकारों की रक्षा और न्याय सुनिश्चित करना है।













