निगाही मोड़ पर एनसीएल की खाली पड़ी जमीन पर कब्जे की कोशिश? बाउंड्री निर्माण से उठे सवाल

सिंगरौली। नवानगर थाना क्षेत्र के निगाही मोड़ स्थित एनसीएल निगाही परियोजना की खाली पड़ी भूमि पर कथित रूप से कुछ लोगों द्वारा चारों ओर बाउंड्री निर्माण कर कब्जे की कोशिश किए जाने की चर्चा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर निर्माण हो रहा है, उसी मार्ग से परियोजना के अधिकारी और कर्मचारी प्रतिदिन आवागमन करते हैं। इसके बावजूद अब तक किसी स्तर पर स्पष्ट कार्रवाई सामने नहीं आने से कई सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि संबंधित भूमि एनसीएल की है, तो उस पर हो रहे कथित निर्माण की समय रहते जांच और आवश्यक कार्रवाई होना चाहिए। वहीं यह भी चर्चा है कि परियोजना की सुरक्षा व्यवस्था पर हर वर्ष बड़ी राशि खर्च होने के बावजूद ऐसे मामलों को लेकर निगरानी व्यवस्था की प्रभावशीलता पर प्रश्न खड़े हो रहे हैं।
हालांकि, इस मामले में एनसीएल प्रबंधन, सुरक्षा विभाग या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि संबंधित भूमि पर किया जा रहा निर्माण अधिकृत है या अवैध।यदि भूमि एनसीएल की है और निर्माण बिना अनुमति के किया जा रहा है, तो मामले की निष्पक्ष जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई अपेक्षित है। फिलहाल पूरे मामले को लेकर स्थानीय क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।













