बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

महापौर के निर्देश पर बंद स्ट्रीट लाइटें सुधारने का अभियान शुरू, वार्डवार चिन्हित कर किया जा रहा कार्य

सिंगरौली नगर पालिक निगम की महापौर श्रीमती रानी अग्रवाल द्वारा शुक्रवार को विद्युत व्यवस्था की समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के बाद शनिवार से ही बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने का अभियान तेज कर दिया गया है। निगम की टीमें वार्डवार स्थलों को चिन्हित कर खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत एवं उन्हें पुनः चालू कराने का कार्य कर रही हैं।

नगर निगम द्वारा स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव का कार्य पहले भी नियमित रूप से किया जाता रहा है, लेकिन लगातार हो रही बारिश के कारण कई स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था प्रभावित हुई थी। इसे गंभीरता से लेते हुए निगम प्रशासन ने अभियान में तेजी लाई है। इसके लिए प्रत्येक वार्ड में अलग-अलग टीमों एवं ग्रुपो के माध्यम से जानकारी लेकर मौके पर पहुंचकर खराब लाइटों की पहचान कर उन्हें तत्काल ठीक कराने में जुटे हैं।

महापौर श्रीमती रानी अग्रवाल ने समीक्षा बैठक में कहा था कि मुख्य मार्गों, चौराहों, सार्वजनिक स्थलों तथा आवासीय क्षेत्रों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करना नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और आवश्यकता वाले क्षेत्रों में नई लाइटें लगाने के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

बैठक में शहर की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए नई विद्युत अधोसंरचना विकसित करने पर भी चर्चा हुई। जिन क्षेत्रों में नई केबल, विद्युत पोल, अतिरिक्त स्ट्रीट लाइट अथवा हाईमास्ट लगाने की आवश्यकता है, वहां शीघ्र भौतिक सर्वे कर प्राक्कलन (एस्टीमेट) तैयार करने के निर्देश दिए गए, ताकि आवश्यक स्वीकृतियां लेकर विकास कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जा सकें।महापौर ने अधिकारियों से नियमित रूप से वार्डों का निरीक्षण कर मैदानी स्तर पर समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को भी कहा। महापौर की इस पहल से शहरवासियों में बेहतर प्रकाश व्यवस्था की उम्मीद जगी है। अब यह देखना होगा कि यह अभियान आगामी दिनों में भी इसी गति से लगातार जारी रहता है या नहीं।

Author

Related Articles

Back to top button