शासकीय महाविद्यालय रजमिलान में गूंजा नशामुक्ति का संदेश, विद्यार्थियों ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्प

सिंगरौली। शासकीय महाविद्यालय रजमिलान में साप्ताहिक नशा मुक्ति अभियान के तहत शनिवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा उन्हें स्वस्थ, सुरक्षित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य एवं प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक जीवन को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। उन्होंने बताया कि नशीले पदार्थों का सेवन न केवल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, बल्कि शिक्षा, करियर, पारिवारिक जीवन और सामाजिक प्रतिष्ठा पर भी नकारात्मक असर डालता है। विद्यार्थियों से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने तथा अपने मित्रों और परिजनों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति अभियान के उद्देश्यों, नशीले पदार्थों से होने वाली बीमारियों, मानसिक तनाव, सड़क दुर्घटनाओं और अपराधों में बढ़ोतरी जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को नियमित व्यायाम, योग, खेलकूद, पुस्तक अध्ययन तथा सकारात्मक संगति अपनाकर स्वस्थ एवं सफल जीवन जीने की प्रेरणा भी दी गई।
कार्यक्रम के समापन पर सभी छात्र-छात्राओं ने नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने, स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का सामूहिक संकल्प लिया। महाविद्यालय परिवार ने भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रमों का नियमित आयोजन करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।













