बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

खेत की जुताई के विवाद में रिश्तों का कत्ल: पिता और छोटे भाई ने बड़े बेटे को पीट-पीटकर मार डाला

जमीन के बंटवारे को लेकर हुआ खूनी संघर्ष, वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार, हत्या का मामला दर्ज

सिंगरौली। जिले के गढ़वा थाना क्षेत्र में जमीन और खेत की जुताई को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने रविवार को खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि पिता और छोटे बेटे ने मिलकर परिवार के बड़े बेटे की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए हैं। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गढ़वा थाना क्षेत्र के बरखवा टोला स्थित लहासी टोला निवासी महुआई सिंह गोंड (47) का शुक्रवार रात खेत की जुताई और हिस्से की जमीन को लेकर अपने पिता भगवान सिंह गोंड से विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। इसी दौरान छोटा भाई संतोष सिंह गोंड भी मौके पर पहुंच गया।
परिजनों के अनुसार, छोटे भाई ने हल के नगरा (लकड़ी के हिस्से) से बड़े भाई पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोप है कि पिता ने महुआई सिंह को पकड़कर नीचे दबाए रखा, जबकि छोटे बेटे ने उसके सिर और शरीर पर लगातार कई वार किए। गंभीर रूप से घायल महुआई सिंह को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार देर रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना छिपाने की कोशिश, ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना
बताया जा रहा है कि वारदात के बाद पिता और छोटा बेटा मौके से फरार हो गए। परिवार के कुछ अन्य सदस्यों ने शुरू में मामले को दबाने का प्रयास किया और पुलिस को तत्काल सूचना नहीं दी। शनिवार को गांव के लोगों को घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया।

हत्या का मामला दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी
सूचना मिलते ही गढ़वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने पिता भगवान सिंह गोंड और छोटे बेटे संतोष सिंह गोंड के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी विद्यावारिधि तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जमीन और खेती के विवाद को घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है।

Author

Related Articles

Back to top button